पंडरिया विधानसभा की बेटियों की शिक्षा, सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा द्वारा एक और सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की जा रही है। विधायक भावना बोहरा द्वारा 12 अक्टूबर को वनांचल क्षेत्र कुई कुकदुर में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों की बेटियों को सुरक्षित, सुगम और नियमित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें उच्च शिक्षा से जोड़ना है।
पंडरिया विधानसभा के अनेक ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में आज भी छात्राओं को महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। परिवहन सुविधा के अभाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई बार बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विधायक भावना बोहरा ने इन समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए बेटियों की शिक्षा को बाधित न होने देने का संकल्प लिया है।
अब तक इस निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से 1500 से अधिक महाविद्यालयीन छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह पहल न केवल छात्राओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करा रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति निरंतरता को भी मजबूत कर रही है।
कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु बस सेवा ग्राम अमनिया से प्रारंभ होकर ग्राम नेऊर में कुशियारी व महीडबरा की छात्राएं, ग्राम दमगढ़ में लुढुटोला व उपका की छात्राएं तथा ग्राम अमेरा, कुर्सीकछार एवं कुई की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदुर महाविद्यालय पहुंचेगी।
इस निःशुल्क बस सेवा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर 9754462000 एवं 9755359004 पर छात्राएं व उनके परिजन संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि हमारी बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी और अपने सपनों को साकार करेंगी, तभी हमारा समाज और हमारा क्षेत्र वास्तव में सशक्त होगा। वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के सामने शिक्षा के साथ-साथ कॉलेज तक सुरक्षित पहुंचना भी एक बड़ी चुनौती होती है।
कई छात्राओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, परिवहन के सीमित साधनों के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई परिवार सुरक्षा की चिंता के कारण बेटियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर भेजने में संकोच करते हैं। इसी चुनौती को अवसर में बदलने के उद्देश्य से हमने निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की है।

