
कबीरधाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कबीरधाम द्वारा “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान” के तहत शासकीय महाविद्यालय लोहारा में युवा संवाद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला भाजयुमो अध्यक्ष उमंग पांडेय के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोकतंत्र, राष्ट्रहित एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीराम साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय लोकतंत्र के इतिहास, वर्ष 1975 के आपातकाल, नागरिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बैलेट पेपर से ईवीएम एवं वीवीपैट तक चुनावी व्यवस्था में आए बदलावों की भी जानकारी दी।
मनीराम साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत एवं स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने नई पीढ़ी यानी Gen Z को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता परखनी चाहिए। लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ अपने संवैधानिक एवं सामाजिक कर्तव्यों को भी समझना जरूरी है। अभियान का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और सकारात्मक नेतृत्व की भावना विकसित करना है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर्यटन वर्मा ने की। प्रमुख वक्ता के रूप में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीराम साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष योगेश साहू, लोहारा भाजयुमो मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पाली, सौरभ श्रीवास्तव एवं सुधांशु मिश्रा शामिल हुए। इसके अलावा महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप सोनकर सहित कॉलेज के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कबीरधाम ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ लोकतंत्र की रक्षा और जागरूक नागरिकता का संदेश दिया।

