कवर्धा। जिले में “खाबो बने, रहिबो बने” अभियान एवं आगामी त्यौहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
20 अगस्त को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल के द्वारा कवर्धा शहर स्थित मां दुर्गा डेयरी लोहरा नाका, कल्पना रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स, अशोक रेस्टोरेंट एवं डोमिनोज पिज्जा संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पनीर एवं पनीर से बने उत्पादों की रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से जांच की गई, ताकि नकली पनीर के व्यापार और सेवन से लोगों को बचाया जा सके तथा उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी संस्थानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने बताया कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

