खारिया-अगरी पीएम जनमन सड़क धंसने के मामले में बड़ी कार्रवाई, जांच के बाद शासन ने लिया कड़ा फैसला
कवर्धा। बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क के क्षतिग्रस्त होने के मामले में द फायर न्यूज़ की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। सड़क निर्माण में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी पाए जाने के बाद ठेकेदार तिलक चंद्रवंशी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं जिम्मेदारी तय करते हुए अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटिंग कर तकनीकी परीक्षण कराया गया।
जांच में सामने आया कि सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले भारी वाहनों के संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियों के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा। जिस सड़क पर 10-12 टन क्षमता वाले वाहनों की अनुमति थी, वहां 60-70 टन तक रेत परिवहन करने वाले भारी वाहन चलते पाए गए।
लापरवाही पर अधिकारियों पर गिरी गाज
निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित कराने में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे रितेश नायडू को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षतिग्रस्त सड़क को फिर से बनाने के निर्देश
जांच के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। साथ ही पूरी सड़क के शोल्डर को भी निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीकी जांच में शोल्डर का कॉम्पैक्शन मानकों से कम पाया गया। वहीं पुलिया के एप्रोच में मिट्टी भराई का कार्य भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला, जिसके कारण बारिश का पानी सड़क की निचली सतह तक पहुंचने से सड़क कमजोर हुई।
भारी वाहनों पर लगेगी रोक
सचिव भीम सिंह ने कहा कि पीएम जनमन योजना की सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई के लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे।
द फायर न्यूज़ की खबर के बाद हुई इस कार्रवाई को सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ बड़ा कदम माना जा रहा है।

