
कवर्धा। कबीरधाम जिले के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जिले में प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कॉलेज कबीरधाम को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) से 50 MBBS सीटों के साथ स्थापना की अनुमति (Letter of Permission) मिल गई है। यह मंजूरी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कबीरधाम को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एंड आयुष यूनिवर्सिटी ऑफ छत्तीसगढ़ के अंतर्गत संचालित करने की अनुमति दी गई है। कॉलेज में शुरुआती चरण में 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से कबीरधाम जिले सहित आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर ही डॉक्टर तैयार होने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से जिले में मेडिकल कॉलेज की मांग की जा रही थी, जिसे अब हकीकत में बदलने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस उपलब्धि में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के प्रयासों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति को कबीरधाम जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
