पंडरिया नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 1 करोड़ 4 लाख 18 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति से नगर के कई वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे।
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में पंडरिया नगर सहित पूरी विधानसभा में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पंडरिया नगर में हरिनाला पुल, बाईपास सड़क, नालंदा परिसर लाइब्रेरी एवं ऑडिटोरियम, मुख्य मार्ग निर्माण, नवीन नगर पालिका भवन, व्यवहार न्यायालय भवन, मिनी स्टेडियम सहित कई विकास कार्यों को गति मिली है।
विधायक ने कहा कि जनता से लगातार संवाद कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पंडरिया विधानसभा में सड़क, सिंचाई, पेयजल, आवास और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार जारी है।

