कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को 5 हजार और 12वीं के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक किया जाएगा प्रदान
विद्यार्थियों के साथ प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी होंगे सम्मानित
कवर्धा। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विधायक विजय शर्मा की पहल पर मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 25 अगस्त 2026 को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में आयोजित होने वाले इस समारोह में माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 171 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में विधायक विजय शर्मा स्वयं विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धि का उत्साहवर्धन किया जाएगा।
कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये तथा कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों का सम्मान करना है, ताकि कवर्धा क्षेत्र के विद्यार्थी जिला, राज्य और देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
गुरुजनों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों का भी होगा सम्मान
समारोह की विशेषता यह भी होगी कि मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनकी सफलता में योगदान देने वाले विद्यालयों के प्राचार्य एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था से जुड़े शिक्षकों, विद्यालयों और जनप्रतिनिधियों के योगदान को भी सम्मान मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहन मिलने के साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने को बल मिलेगा।
कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों के विद्यार्थियों का चयन
मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में विकासखंड कवर्धा, बोड़ला एवं सहसपुर लोहारा क्षेत्र के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। चयनित विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं।
इन विद्यार्थियों में कवर्धा विकासखंड से कक्षा 12वीं में क्रिश्लय मिश्रा (93.20%), फतीमा (90.20%), हिंगलाज नारंग (90%), जागृति साहू (92.80%) सहित कई विद्यार्थी शामिल हैं।
वहीं कक्षा 10वीं में रिया केशरवानी (98.83%), अशफिया खान (96.67%), गिनम ठाकुर/नितेश ठाकुर (96%), मानव कुमार ठाकुर (94.67%) सहित अनेक प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
बोड़ला विकासखंड से अमन (91%), ज्योति महोबिया (90.60%), भूमिका साहू (96.50%), नूतन कुमार (95%) सहित कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
सहसपुर लोहारा विकासखंड से निखिल (94.60%), खिलेश (93%), यामिनि (90.60%), अवनी पाण्डेय (94.50%), रिया मिश्रा (94.67%) सहित अन्य मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सफलता का उत्सव होगा, जो अन्य विद्यार्थियों को भी लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

