कवर्धा। नगर की प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम शाला गुरुकुल पब्लिक स्कूल में बालिकाओं को नारी सशक्तिकरण और साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में बालिका सशक्तिकरण विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में 33 देशों का भ्रमण कर चुकीं सुप्रसिद्ध पर्वतारोही एवं साइक्लिस्ट समीरा खान तथा साइबर अपराध और उसकी रोकथाम के संबंध में कबीरधाम साइबर विभाग के डीएसपी डॉ. प्रशांत ने बालिकाओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में समीरा खान ने बालिकाओं को अपनी प्रतिभा के विकास में आने वाली बाधाओं से बचने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
वहीं, डीएसपी डॉ. प्रशांत ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों, विशेषकर युवाओं और बालिकाओं को अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेते हैं। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज या फोन कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी या धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मजबूत पासवर्ड रखने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करने और केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस जागरूकता सेमिनार से बालिकाओं को नारी सशक्तिकरण के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली होगी।

