
पोंडी। छत्तीसगढ़ साइबर क्राइम मुक्त अभियान के तहत गुरुवार, 03 सितंबर 2026 को पुलिस चौकी पोंडी द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय पोंडी में “साइबर क्राइम मुक्त विद्यालय” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य संजय गुप्ता, वरिष्ठ व्याख्याता एन.के. चंद्रवंशी, बी. पात्रे, एस.के. वर्मा, आर.पी. चंद्रवंशी, के. लहरे, हलदाकार, शुक्ला, कोशले, प्रजापति एवं शाला सुरक्षा प्रभारी राकेश कुमार शील सहित अन्य व्याख्याता उपस्थित रहे।
पुलिस चौकी प्रभारी राकेश पटेल ने पुलिस कर्मियों के साथ विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड किस प्रकार होता है, डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित तरीके से उपयोग कैसे किया जाए तथा अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक रखने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं कानूनों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने विशेष रूप से 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों को बिना वैध मोटर लाइसेंस के मोटरसाइकिल नहीं चलाने, एक मोटरसाइकिल पर तीन सवारी नहीं बैठाने तथा सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया।
विद्यालय के प्राचार्य संजय गुप्ता ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम मुक्त विद्यालय बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में इस प्रकार के सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए चौकी प्रभारी राकेश पटेल एवं पुलिस टीम का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का संचालन आर.पी. चंद्रवंशी ने किया। शाला सुरक्षा प्रभारी राकेश शील ने विद्यार्थियों से पुलिस विभाग द्वारा दिए गए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझावों का अक्षरशः पालन करने और स्वयं सुरक्षित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बी. पात्रे ने विद्यालय परिवार की ओर से पुलिस विभाग एवं मंच पर उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

