कवर्धा। शहर के प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय गुरुकुल पब्लिक स्कूल में पालक अभिविन्यास (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं संगीत विभाग द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के विभिन्न विंग्स के प्रभारियों ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारने का निरंतर प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने गायन, वादन एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मौजूद पालकों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और पालकों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पालकों से अपील की कि विद्यालय में कराई जा रही पढ़ाई पर घर में भी ध्यान दें तथा बच्चों से जुड़ी किसी भी समस्या को समय-समय पर शिक्षकों के साथ साझा करें, ताकि उनके समग्र विकास का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रभारियों का पालकों से परिचय कराया गया। साथ ही विद्यालय की पूर्व उपलब्धियों, विभिन्न गतिविधियों तथा ईआरपी एप सॉफ्टवेयर की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं प्राचार्य ने सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे पालकों के सहयोग से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं प्रतिभा विकास को नई दिशा मिल सके।

