
संघर्ष, आत्मविश्वास और संस्कार से ही बेटियां हासिल करेंगी सफलता की नई ऊंचाइयां
कवर्धा। विगत सात वर्षों से कवर्धा के होनहार बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के संकल्प के साथ कार्यरत संस्था समर्पण निःशुल्क कोचिंग द्वारा छात्राओं के व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य आयोजन किया गया। वर्तमान में संस्था द्वारा दसवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में कवर्धा की जानी-मानी रिपोर्टर अंजलि चंद्रवंशी, होनहार एंकर खुशी परिमल एवं समाजसेवी नेहा बोथरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
संस्था के संस्थापक सूचित बोथरा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि समर्पण निःशुल्क कोचिंग विगत सात वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को अंग्रेजी का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं और शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंजलि चंद्रवंशी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनेक संघर्षों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रत्येक संघर्ष के बाद सफलता का एक नया रास्ता खुलता है। उन्होंने अपने पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि न्यूज के क्षेत्र में कार्य करना आसान नहीं है। इसमें कई चुनौतियां आती हैं, लेकिन आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर कठिनाई का सामना किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें।
खुशी परिमल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं भी इसी कोचिंग से जुड़ी रही हैं और यहां से उन्हें आगे बढ़ने का आधार एवं मार्गदर्शन मिला। आज टीवी रिपोर्टर के रूप में कार्य करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा जीवन में एक बेहतर करियर का चुनाव करें।
समाजसेवी नेहा बोथरा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक बेटी के भीतर कल्पना चावला और तीजन बाई जैसी प्रतिभा और संभावनाएं छिपी हुई हैं। आवश्यकता केवल अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानने, आत्मविश्वास जगाने और निरंतर प्रयास करने की है। उन्होंने कहा कि संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ बेटियां जीवन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की होनहार शिक्षिका खुशी मानिकपुरी, संस्था के संचालक दिनेश ठाकुर सहित निःशुल्क कोचिंग में अध्यापन कार्य करने वाली अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास, संवाद कौशल, सकारात्मक सोच, संस्कार एवं जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यह शिविर छात्राओं के लिए प्रेरणा और नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

