कवर्धा, 16 जून 2026। जिले में अवैध मदिरा की बिक्री, धारण एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 59 नग देशी प्लेन शराब और एक दोपहिया वाहन जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह ध्रुवे के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब दुकानों से मदिरा खरीदकर उसे एकत्रित किया जाता है और आसपास के गांवों में अवैध रूप से बिक्री के लिए सप्लाई की जाती है।
सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर पंडरिया-मुंगेली रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की ड्रीम नियो 110 दोपहिया वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार रामबाबू सत्यम उर्फ राजा सोनवानी और द्वारिका गोयल निवासी पंडरिया की तलाशी लेने पर एक बोरी में रखी 59 नग देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 4,720 रुपये तथा जब्त दोपहिया वाहन की अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम सहित निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकों का विशेष योगदान रहा।
