कवर्धा। आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। “खाबो बने, रहिबो बने” अभियान के तहत 17 और 18 अगस्त को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेंद्र भारती एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल की टीम ने जोधपुरी स्वीट्स रायपुर, बालाजी जोधपुरी पिपरिया, पप्पू एजेंसी मोहगांव, पंडरिया सहित अन्य स्थानों से मिठाई, खोया बर्फी एवं पनीर सहित कुल 8 खाद्य नमूने संकलित किए। इन सभी नमूनों को विधिक एवं सर्विलांस जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायत के आधार पर पोड़ी क्षेत्र के स्कूल परिसर के आसपास संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मिले मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि त्यौहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और पैकेजिंग का विशेष ध्यान रखें। विभाग द्वारा मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

