कवर्धा: शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अभ्युदय स्कूल, कवर्धा में दिनांक 5 अप्रैल 2026 को “ओपन चेस टूर्नामेंट 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा।जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं में तार्किक सोच, एकाग्रता, धैर्य एवं रणनीतिक कौशल का विकास करना है। साथ ही यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को
अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी।प्रतियोगिता में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शतरंज खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें विभिन्न आयु वर्गों—अंडर-7, अंडर-9, अंडर-12 एवं अंडर-15—में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। मुख्य प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹7000 सहित ट्रॉफी रखा गया है। कुल ₹40,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।गौरतलब हो कि पंजीयन हेतु पूर्व में ही रजिस्ट्रेशन लिंक उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बावजूद यदि कोई प्रतिभागी पंजीयन से वंचित रह गया हो, तो उसकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की
व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रतिभागी को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी को समान रूप से भागीदारी का अवसर प्राप्त हो सके।प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे रिपोर्टिंग के साथ होगा, जिसके पश्चात 9:45 बजे से प्रथम राउंड प्रारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला शतरंज संघ बेमेतरा के सहयोग से अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रतियोगिता का प्रबंधन श्री लोकनाथ चंद्राकर (जिला चेस प्रबंधक, बेमेतरा) द्वारा किया जाएगा, जबकि मुख्य आर्बिटर के रूप में आलोक सिंह क्षत्रिय अपनी सेवाएं देंगे।विद्यालय के प्राचार्य श्री तोरण साहू जी ने अपने संदेश में कहा, “शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और दूरदर्शिता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता का विकास होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।”वहीं
, अकादमिक प्रमुख श्रीमती व्ही. शोभा जी ने कहा, “इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच एवं निर्णय क्षमता को विकसित करती हैं। हमें विश्वास है कि यह आयोजन प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करेगा और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।”विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा, “अभ्युदय स्कूल सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से हम शिक्षा के साथ-साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहित करते हैं। यह प्रतियोगिता निश्चित रूप से जिले की प्रतिभाओं को एक नई दिशा प्रदान करेगी।”इस आयोजन को लेकर विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, वहीं विद्यालय परिवार इसे सफल बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
