कवर्धा | दिनांक 26.12.2025
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, कवर्धा द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत गन्ना किसानों को अब तक कुल 24.85 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान पूर्ण कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन द्वारा गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। कारखाने द्वारा भारत सरकार द्वारा निर्धारित एफआरपी दर 329.05 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार किसानों के बैंक खातों में सीधे भुगतान किया गया है। समय पर भुगतान होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों में खुशी और संतोष का माहौल है।

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित के प्रबंध संचालक जी.एस. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत अब तक 1,05,975 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 1,09,565 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। यह उपलब्धि गन्ना उत्पादक किसानों के सहयोग एवं कारखाना प्रबंधन के कुशल संचालन का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य शासन की गन्ना नीति के तहत किसानों को समय पर भुगतान कर उनकी आर्थिक स्थिरता को मजबूती प्रदान की जा रही है।
किसानों से अपील
कारखाना प्रबंधन ने गन्ना किसानों से अपील की है कि वे कारखाने में परिपक्व, साफ-सुथरा, बिना अगवा तथा बिना जड़ वाला गन्ना आपूर्ति करें। इससे शक्कर की रिकवरी प्रतिशत में वृद्धि होगी, जिसका सीधा लाभ गन्ना किसानों को मिलेगा।
