कबीरधाम। भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा मंगलवार को जिला कबीरधाम में सदस्यता अभियान एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े ने किया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवाओं ने भीम आर्मी की नीतियों और सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर संगठन की सदस्यता ली। कार्यक्रम में संविधान, सामाजिक न्याय और शिक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राजकुमार जांगड़े ने कहा कि भीम आर्मी सामाजिक परिवर्तन की दिशा में काम कर रही है और युवाओं की भागीदारी से यह आंदोलन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। नवनियुक्त सदस्यों को संगठन की संरचना और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।