रायपुर। लोकतंत्र सेनानी संघ एवं लोकतंत्र प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर को संविधान दिवस एवं दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं प्रसिद्ध योग गुरु एवं योगाचार्य लेखू बाबा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

समारोह का आयोजन दोपहर 4 बजे से विमतारा सभा कक्ष, न्यू शांति नगर (स्वदेशी भवन के पास), रायपुर में होगा। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वहीं लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इस अवसर पर वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और नागरिक कर्तव्यों को लेकर विचार मंथन सत्र आयोजित किया जाएगा। साथ ही दीपावली मिलन के अवसर पर स्नेह भोज का भी आयोजन रखा गया है।

लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुहास देशपांडे ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक दायित्वों पर सार्थक चर्चा करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

