हाइलाइट: CSIDC और छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ की संयुक्त पहल को व्यापारियों का शानदार प्रतिसाद, पांचों संभागों से पहुंचे व्यापारी; सरकारी योजनाओं, टैक्स, ONDC और AI से व्यापार बढ़ाने के सीखे गुर।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थानीय व्यापारियों को आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) एवं छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रायपुर स्थित विमतारा सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी और युवा व्यवसायी शामिल हुए। आयोजकों की अपेक्षा से अधिक सहभागिता ने स्थानीय व्यापार को नई दिशा देने के प्रति व्यापारियों की रुचि को प्रदर्शित किया।
विजय चंद्रवंशी ने दिया संदेश—एकजुटता और तकनीक से मजबूत होगा छत्तीसगढ़िया व्यापार
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश सहसचिव विजय चंद्रवंशी की मौजूदगी और स्थानीय व्यापारियों को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश प्रमुख रहा। उन्होंने व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर व्यापारिक संबंध मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विजय चंद्रवंशी के संदेश का सार रहा कि छत्तीसगढ़िया व्यापारी यदि एक-दूसरे के व्यवसाय को सहयोग दें, स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी को प्राथमिकता दें और आधुनिक तकनीक को अपनाएं, तो इ
ससे कारोबार के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। व्यापार में प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग की भावना विकसित करना समय की जरूरत है। संगठित प्रयासों से छोटे व्यापारी भी नए बाजारों तक पहुंच सकते हैं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं।
सरकारी योजनाओं से लेकर AI तक, व्यापारियों को मिली महत्वपूर्ण जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यापारियों को व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। उद्योग विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर श्रीमती सोमानी मंडलोई ने छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक नीति 2024–2030, नए उद्योगों की स्थापना, स्टार्टअप, नवाचार तथा सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़ी औद्योगिक इकाइयों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहन एवं सब्सिडी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर व्यापारी और नए उद्यमी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं।
प्रशिक्षक CA विवेक कुमार साहू ने कर व्यवस्था और टैक्स से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों को समझाया। वहीं अभिजीत राय ने ऑनलाइन व्यापार और ONDC के माध्यम से कारोबार को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विस्तार देने की संभावनाओं पर जानकारी साझा की।
AI विशेषज्ञ सौरभ सराफ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावसायिक उपयोग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यापारिक कार्यों, मार्केटिंग, ग्राहक सेवा और कार्यक्षमता को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। आनंद वर्धन (SPIU, CSIDC) ने पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग के महत्व और व्यवसाय में इसके उपयोग की आवश्यकता पर जानकारी दी।

छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना महासंघ का प्रमुख उद्देश्य
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि संगठन की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना, उनकी व्यावसायिक समस्याओं के समाधान में सहयोग करना तथा छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों को व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में आगे लाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें नई जानकारियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महासंघ के उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया एवं ईश्वर पटेल ने संयुक्त रूप से कहा कि पांचों संभागों से व्यापारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का संकेत है कि व्यापारी अपने व्यवसाय को नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को संभाग और जिला स्तर पर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी जारी किए जाएंगे।
स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने पर जोर
महासंघ के महासचिव कुबेर चंद्राकर ने प्रशिक्षकों और कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया व्यापारियों को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। आपसी विश्वास, सहयोग और स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देकर कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने स्थानीय व्यापारियों के बीच सहयोग बढ़ाने और एक-दूसरे के व्यवसाय को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यापार का विस्तार होगा और प्रदेश के उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष मनीष साहू एवं पुनारद निषाद, कोषाध्यक्ष ललित साहू सहित विजय चंद्रवंशी, गुलाब साहू, दिनेश सारसीहा, देवेंद्र सांभकर, रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, नागेश्वर वर्मा, टीकम सिंह ठाकुर, पारस पटेल, यश साहू, त्रिलोचन साहू, लक्ष्मण साहू, गोविंद यादव, लालजी साहू, नारायण साहू, श्रीमती रजनी चंद्रवंशी सहित प्रदेश के पांचों संभागों से आए व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

‘गढ़बो हमर व्यापार’ कार्यक्रम ने स्थानीय व्यापारियों को सरकारी योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक की जानकारी देने के साथ आपसी सहयोग का मंच भी उपलब्ध कराया। इस पहल से प्रदेश के छोटे व्यापारियों और युवा उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार के लिए नई संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।

