
सहसपुर लोहारा। अल्प वर्षा और फसलों में लग रही बीमारियों से वनांचल के किसान परेशान हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की फसल की वृद्धि प्रभावित हो रही है। वहीं पानी की कमी के चलते फसलों में कई तरह की बीमारियां भी देखने को मिल रही हैं।
ग्रामीणों की मान्यता है कि सुतियापाट देव स्थल पर सामूहिक पूजा-अर्चना करने से अच्छी बारिश होती है। इसी मान्यता के चलते किसानों ने इस बार भी अच्छी बारिश और फसल की कामना को लेकर सुतियापाट में सामूहिक पूजा करने का निर्णय लिया। इसके लिए राजपरिवार सहसपुर लोहारा के राजा खड़ग राज कुमार सिंह को आमंत्रित किया गया।
राजा खड़ग राज कुमार सिंह ग्राम कटंगी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यह परिवार हमारा परिवार है। आप सभी तकलीफ में हैं तो आपकी तकलीफ हमें भी होती है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सुख के समय भले ही याद न करें, लेकिन दुख और परेशानी के समय जरूर याद करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ सुतियापाट जाकर पूजा-अर्चना कर सभी की खुशहाली की कामना करेंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम देवताओं की पूजा-अर्चना करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हम अपने ग्राम देवताओं को भूलते जा रहे हैं, जबकि ग्राम देवताओं को गांव की परंपरा और आस्था का केंद्र माना जाता है। इसलिए सभी को पारंपरिक तरीके से ग्राम देवताओं की पूजा-अर्चना कर गांव की खुशहाली की कामना करनी चाहिए।
इसके बाद राजा खड़ग राज कुमार सिंह के साथ सैकड़ों ग्रामीण सुतियापाट पहुंचे। यहां पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्र में अच्छी बारिश, अच्छी फसल तथा गांव को विपदाओं से बचाने की कामना की गई।
पूजा-अर्चना के बाद राजा खड़ग राज कुमार सिंह ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनका हालचाल जाना और उनसे बातचीत की। उनके इस सहज और आत्मीय व्यवहार से ग्रामीणों में उनके प्रति सम्मान और बढ़ गया।

