कवर्धा। नगर पालिका परिषद कवर्धा क्षेत्र के लिए गोलू यादव को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने पर यादव समाज में खुशी की लहर देखी गई। इस अवसर पर अंबेडकर चौक स्थित सर्व यादव समाज भवन में समाज के लोगों द्वारा स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान यादव समाज के लोगों ने फूल-माला पहनाकर एवं पारंपरिक तरीके से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और गोलू यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। समाज के सदस्यों ने कहा कि गोलू यादव की नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यादव समाज हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। शिक्षा के साथ-साथ राजनीति के क्षेत्र में भी समाज की सक्रियता बढ़ी है, जो समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
वहीं गोलू यादव ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। क्षेत्र के विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
कार्यक्रम में यादव समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













