कवर्धा/ जनपद में शिक्षा एवं संस्कार को ध्येय मंत्र के रूप में अंगीकार करने वाली शिक्षण संस्था गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा हमेशा अपने सामाजिक सरोकारों एवं भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन करता है, जिससे विद्यालय के नन्हे मुन्ने ननिहाल उनसे प्रेरित हो सकें। इसी कड़ी में विद्यालय के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। जिसमें नर्सरी कक्षा से उच्चतर कक्षाओं की
शिक्षिकाओं का ही सम्मान नही किया गया अपितु विद्यालय के विभिन्न विभागों यथा मैस की दीदियों बस परिचारिका दीदीओं तथा परिचारिका दीदीओं का भी समवेत भाव से सम्मानित किया गया। मीडिया प्रभारी पीजीटी हिंदी डॉक्टर विजय कुमार शाही ने बतलाया कि शाला के प्राचार्य मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के सम्माननीय अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारीगण थे। सर्वप्रथम शाला प्रबंधन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी गण एवं वरिष्ठ शिक्षिकाओं के द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण
एवं दीप प्रज्वलन- वंदन किया गया। प्राचार्य ने सभी का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने इस आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में मातृशक्ति का विशेष महत्व है। महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया रही हैं।इनका सम्मान करके गुरुकुल ने इनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षिकाओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति दी गई जिसे सभी ने मुक्त कंठ से सराहा। शिक्षिकाओं एवं विद्यालय में कार्यरत दीदीओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।इस विशेष अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारीगण ने सभी को
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान करते आशा व्यक्त किया कि गुरुकुल नारी शक्ति की अप्रतिम प्रतिभा एवं समुचित मार्गदर्शन में अपने शैक्षिक व सांस्कारिक उद्देश्य को निश्चित ही प्राप्त करेगा।













