
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से होली के पूर्व गन्ना किसानों के भुगतान हेतु ₹8.69 करोड़ की राशि हुई जारी
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों को होली पर्व से पहले बड़ी सौगात मिली है। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित पंडरिया द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत गन्ना विक्रेता कृषकों को 8 करोड़ 69 लाख रुपये का भुगतान जारी किया गया है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा जी की सक्रियता व अथक प्रयासों से किसानों को मिली इस सौगात को लेकर किसानों में उत्साह दिख रहा है। इस सौगात के लिए विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम जी, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप जी एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी जी का आभार व्यक्त किया।
कारखाना के प्रबंध संचालक उत्तर कुमार कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि पेराई सत्र 2025-26 में गन्ना विक्रेता किसानों से एफ.आर.पी. राशि 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी की गई थी, जिसका कुल भुगतान योग्य राशि 40 करोड़ 5 लाख रुपये है। पूर्व में 3 करोड़ 45 लाख रुपये किसानों को प्रदान किए जा चुके थे। शेष 36 करोड़ 6 लाख रुपये की देय राशि में से विधायक भावना बोहरा के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 26 नवम्बर 2025 से 08 दिसंबर 2025 तक गन्ना विक्रय करने वाले कुल 2556 कृषकों को 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 8 करोड़ 69 लाख रुपये का भुगतान होली पर्व से पूर्व जारी कर दिया गया है। अब तक कुल 12 करोड़ 15 लाख रुपये किसानों के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं तथा शेष राशि का भुगतान भी अतिशीघ्र किया जाएगा।
इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सभी किसानों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता सदैव किसान हित और उनका आर्थिक सशक्तिकरण रहा है। गन्ना किसानों की मेहनत का पूरा मूल्य उन्हें मिले, इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहें हैं। होली जैसे पावन पर्व से पूर्व किसानों के खातों में राशि पहुंचना उनके परिश्रम का सम्मान है। शेष भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार और हम सब मिलकर किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंडरिया क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी किसानों के हित में निर्णायक कदम उठाए जाते रहेंगे। किसानों को प्रोत्साहित करना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और किसान हित की योजनाओं को प्रत्येक किसान तक पहुंचाकर उनका जीवन सुखद व सरल बनाना यही हमारा उद्देश्य है।













