कबीरधाम जिले के ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द में रविवार को विकास कार्यों को नई गति देते हुए भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने की। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समग्र योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के तहत स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इनमें सड़क निर्माण, सीसी रोड, नाली निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, देवगुड़ी, किचन शेड, डिजिटल सेवा केंद्र जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों पर लाखों रुपये की लागत आएगी, जिससे गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद संतोष पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र को और अधिक विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि अतरिया खुर्द में जिन कार्यों की शुरुआत हुई है, वे ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे और क्षेत्र को नई दिशा देंगे।

इस पूरे आयोजन में ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द के सरपंच नरेश साहू की विशेष भूमिका रही। उनके नेतृत्व में पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और प्रयासों के कारण ही यह बड़े स्तर का कार्यक्रम संभव हो पाया। सरपंच नरेश साहू ने कहा कि गांव के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में भी ग्रामवासियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अतरिया खुर्द को एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष नीरेंद्र साहू, राज्य गोसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष आलोक
तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक अशोक साहू, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, सभापति रामकुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी साहू, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी नंदेश्वर धृतलहरे, भाजपा मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद चंद्रवंशी, प्रदेश साहू संघ सदस्य गोपाल साहू, जिला साहू संघ अध्यक्ष धर्मराज साहू सहित ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द के सरपंच नरेश साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के वातावरण में हुआ। ग्रामवासियों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों और पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इसी तरह गांव में विकास की रफ्तार बनी रहेगी।
