कवर्धा / नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा ने हमेशा ही अपने सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी है। इसी ध्येय के कारण विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालय परिसर में फैशन शो तथा आनंद मेला का आयोजन किया गया। फैशन शो कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा पहली तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित था ,जिसमें
विद्यार्थियों ने बहुरंगी पोशाक के साथ अपने अभिनय कला का भी प्रदर्शन किया। फैशन शो समारोह के मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी जी, अध्यक्ष नगर पालिका कवर्धा थे । कक्षा नर्सरी से कक्षा पहली फैशन शो के निर्णायक की भूमिका का अदिति केसरवानी, हर्षला सिंह कल्चुरी, प्रीति पाहुजा रेखा साहू तथा नेहा नाहटा ने सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा कक्षा दूसरी फैशन शो के निर्णायक की भूमिका में रितु वैद्य,खुशी परिमल, निशु साहू तथा नीलम पारख थीं।सर्वप्रथम संस्था के प्राचार्य मनोज कुमार राय ने सभी पालकों, दर्शकों तथा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तद्परांत बहुरंगी पोशाक में सजे धजे विद्यालय के नन्हे -मुन्ने नौनिहालों ने अपने सहज व सरस अभिनय से और मनोहरी हाव-भाव से दर्शकों को
मंत्रमुग्ध कर दिया। मीडिया प्रभारी शिक्षक पीजीटी हिन्दी डॉक्टर विजय कुमार शाही ने प्रेसवार्ता के माध्यम से बतलाया कि बहुरंगी पोशाक,कलात्मक साज- सज्जा एवं हाव- भाव से सर्वश्रेष्ठ घोषित विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा पुरस्कृत किया गया।अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया,जिसमें इन विद्यार्थियों ने 74 स्टॉल के द्वारा अपनी पाककला, व्यापार बुद्धि और पारस्परिक सहयोग का शानदार दृष्टांत प्रस्तुत किया। इस आनंद मेला समारोह के मुख्य अतिथि चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स, कवर्धा के अध्यक्ष श्री दिनेश जैन थे।इस फन फेयर या आनंद मेला में करीब 60 के आसपास खान-पान से संबंधित स्टाल लगे थे।14 विभिन्न
खेलों एवं गतिविधियों से संबंधित स्टॉल थे।यहाँ देशी एवं विदेशी सभी प्रकार के शुद्ध शाकाहारी पकवानों का आनंद दर्शकों ने उठाया। पाव-भाजी ,सॉफ्टी,तथा बनारसी पान का स्टॉल प्रमुख रूप से आकर्षण का केंद्र रहा। आनंद मेला में विद्यालय के संगीत विभाग की तरफ से शानदार आर्केस्ट्रा प्रस्तुत किया गया। जहाँ शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा आगंतुक दर्शकों ने भी अपनी गायकी का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगर सेठ गणेशोत्सव समिति, कवर्धा के सदस्यों तथा इंफ्लुएंसर ग्रुप के सदस्यों को सम्मानित किया गया ।स्कूल परिसर में प्रातः 9:30 बजे से संध्या 4:30 बजे तक आयोजित इस
समारोह ने सभी को आनंद का ऐसा पल प्रदान जहाँ सभी हर पल आनंदित होते रहे,ऐसा लगा जैसे समय ठहर गया हो। संस्था के अध्यक्ष, समस्त पदाधिकारीगण एवं प्राचार्य ने इस सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त किया कि भविष्य में इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों के नवाचार को नई गति प्राप्त हो ।

