नगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान अशोका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने CBSE कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025–26 में शानदार एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के टॉप प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में जलधि केशरवानी (91%), आदर्श सोनी (88%) एवं अक्षत (81%) प्रमुख रहे। अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। विद्यालय के
संचालक पवन देवांगन एवं संचालिका श्रीमती सारिका देवांगन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि “सफलता का यह क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के
विद्यार्थी विगत कई वर्षों से लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं तथा विद्यालय को एक विशेष मुकाम दिला रहे हैं। संचालक महोदय ने जिले के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश दिया जिनके अंक अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए। उन्होंने कहा कि “कम अंक आने पर निराश होने की आवश्यकता नहीं है। असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है। यदि विद्यार्थी पहले से अधिक मेहनत करेंगे तो निश्चित ही अगली बार
बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि CBSE द्वारा अंक सुधार हेतु पुनः परीक्षा (Improvement Exam) का अवसर भी प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों की इस यादगार उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। प्राचार्य श्री एस.एल. नापित, उप-प्राचार्य श्री लोकनाथ देवांगन तथा एडमिन श्री सागर नामदेव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यालय में मिष्ठान वितरण किया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अभिभावकों में भी खुशी का
माहौल है तथा विद्यार्थियों के घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अशोका पब्लिक स्कूल का यह परिणाम न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन एवं अभिभावकों के सहयोग ने यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता हैlll।
