कवर्धा नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अशोका पब्लिक विद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने जेईई मेन 2026 में शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यार्थी जलधी केशरवानी ने प्रथम प्रयास में ही 97.52 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। वर्तमान में वे कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा दे रही हैं।
वहीं उज्ज्वल सोनी ने 97 परसेंटाइल तथा गीतेश देवांगन ने 89 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।

इस उपलब्धि का सबसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य तब सामने आया जब विद्यालय संचालक पवन देवांगन एवं सारिका देवांगन, प्राचार्य, एडमिन स्टाफ तथा शिक्षकगण स्वयं विद्यार्थियों के घर पहुँचे। उन्होंने विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर, माला पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। यह गौरवपूर्ण क्षण पूरे नगर के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय बन गया।
विद्यार्थियों की इस सफलता में उनके माता-पिता के त्याग, अनुशासन एवं सकारात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद प्रेषित किया।

निश्चित ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी तथा ये विद्यार्थी भविष्य में देश का नाम और अधिक ऊँचा करेंगे।













