रायपुर। छत्तीसगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम प्रसाद यादव को अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय महासमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से प्रदेश में खुशी का माहौल है तथा सामाजिक एवं पंचायत क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

जानकारी के मुताबिक, परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय की स्वीकृति और कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अशोक चौहान की अनुशंसा पर घनश्याम प्रसाद यादव को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अखिल भारतीय पंचायत परिषद देशभर में महात्मा गांधी और बलवंत राय मेहता के ग्राम स्वराज के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य “हमर गांव, हमर राज” की सोच को साकार करते हुए पंचायत व्यवस्था को सशक्त बनाना है। वर्तमान में परिषद 24 राज्यों में पंचायत सशक्तिकरण के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।

घनश्याम प्रसाद यादव लंबे समय से सामाजिक कार्यों और पंचायत हित के मुद्दों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी समाजसेवा और सक्रियता को देखते हुए संगठन ने उन्हें राष्ट्रीय महासमिति सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद घनश्याम प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय, कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक सिंह चौहान, महासचिव ध्यान पाल और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बद्रीनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन के मार्गदर्शन में वे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में पंचायत परिषद को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उनकी इस नियुक्ति पर सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
