जिला कबीरधाम
रात्रि आवास चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों से सीधा संवाद, अप्रारम्भ और अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
कबीरधाम, 31 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा सर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल सर ने आज जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत ग्राम पंचायत भुदसिपकरी का दौरा कर केन्द्र एवं राज्य सरकार के योजनाओं अंतर्गत प्रगति कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सर द्वारा ग्राम भुदशिपकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं पी एम जनमन के संबंध में रात्रि आवास चौपाल का आयोजन कर हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित किया गया। चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों को योजना के तहत मिलने वाली किश्तों, निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूर्णता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर गोपाल वर्मा सर ने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने, स्वीकृत आवासों का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अंतिम छोर के हितग्राही तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पी एम जनमन के अंतर्गत प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
