कबीरधाम। पीएम श्री सेजस हायर सेकेंडरी अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम स्कूल पोड़ी, जिला कबीरधाम के विद्यार्थियों को राज्य शासन के आदेशानुसार पीएम श्री एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण पर बिलासपुर ले जाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार गुप्ता एवं रामफल चंद्रवंशी ने बसों को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया। भ्रमण में प्रभारी मैडम क्षिप्रा पांडे, अद्वितीय केसरवानी, स्वाति खटकर, श्री भागीरथी पात्रे, शुक्ला सर, एस. के. प्रजापति सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
🎓 यूनिवर्सिटी में मिला ज्ञान का अनुभव
सबसे पहले विद्यार्थियों ने Dr. C. V. Raman University का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने विभिन्न कोर्स, शैक्षणिक गतिविधियाँ एवं विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी भी दिखाई गई, जहाँ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोकनृत्य एवं अन्य विषयों से जुड़ी समृद्ध सामग्री उपलब्ध है। डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा ने छात्रों को काफी आकर्षित किया।
इस दौरान हेमंत कुमार ने सभी स्थानों का विस्तृत भ्रमण कराते हुए कार्यशालाओं और योजनाओं की जानकारी दी। विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा शिक्षकों को स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्तियों की जानकारी साझा की गई।
धार्मिक और वैज्ञानिक भ्रमण का संगम
इसके बाद सभी ने मां महामाया मंदिर रतनपुर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह ऐतिहासिक कलचुरी कालीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
तत्पश्चात विद्यार्थियों ने Dr. A. P. J. Abdul Kalam Planetarium का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें आकाशगंगा, सैटेलाइट, तारामंडल, सूर्य एवं ग्रहों से संबंधित रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई।
इस पूरे शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों के ज्ञान को विस्तार देने के साथ-साथ उन्हें नई चीजें सीखने और समझने का अवसर प्रदान किया। बच्चों के साथ-साथ शिक्षकगण भी इस अनुभव से अत्यंत उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए।
