कवर्धा |
पंडरिया क्षेत्र के पटूआ से महली तक सड़क को टू-लेन में उन्नयन कराने की मांग को लेकर क्षेत्र में पहल तेज हो गई है। जिला किसान मोर्चा के महामंत्री एवं ग्राम पंचायत अतरिया के सरपंच नरेश कुमार साहू ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा को पत्र सौंपकर सड़क स्वीकृति की मांग की है।
अपने पत्र में नरेश साहू ने उल्लेख किया है कि पटूआ से महली तक वर्तमान में सिंगल रोड होने के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग दो जिलों को जोड़ने के साथ-साथ व्यापारिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहनों के आवागमन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

पत्र में कहा गया है कि जबलपुर–मंडला–चिल्फी मार्ग के विकास के बाद इस क्षेत्र में यातायात दबाव और बढ़ेगा, ऐसे में पटूआ से महली तक टू-लेन सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने जनसुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
नरेश साहू ने कहा कि सड़क उन्नयन से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
अब देखना होगा कि विधायक भावना बोहरा इस मांग पर क्या कदम उठाती हैं और शासन स्तर पर इस प्रस्ताव को कितनी प्राथमिकता मिलती है।













