
श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, थानखम्हरिया में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य नाटिका, पंडवानी एवं लोक नृत्यों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता चंदन अग्रवाल, पत्रकार अनिल सिंघानिया, पुरुषोत्तम अग्रवाल, सीएसी हरि केडिया, समाज सेविका सरिता जैन, प्राचार्य सुषमा खंडेलवाल, संध्या दीपक एवं प्रधान पाठक मोहन सिन्हा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में प्रस्तुत पंडवानी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बच्चों के रंगारंग नृत्य, प्रभावशाली अभिनय एवं सटीक ताल-लय ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अनीता चंदन अग्रवाल ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का विकास अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा निर्मित शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के वातावरण की सराहना की।
वहीं पत्रकार पुरुषोत्तम अग्रवाल एवं अनिल सिंघानिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था प्रमुख योगेश्वरी अहिलेश्वर ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) के अनुरूप गतिविधि आधारित शिक्षण, आनंदमय प्रिंट-रिच कक्षाएं, स्मार्ट क्लास, खेल-कूद सुविधाएं, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, स्वच्छ पेयजल सहित बाल-केंद्रित शिक्षा का अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अभिभावकों की सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रही, जो मनोरंजक एवं प्रेरणादायक रही। अंत में विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका हिना निर्मलकर एवं महिमा राजपूत ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्य योगेश्वरी अहिलेश्वर का विशेष मार्गदर्शन रहा। साथ ही शिक्षक तेज कुमार पात्रे, महेश कुमार, ज्योति सिन्हा, कनिष्का सिन्हा एवं किनसुक मरकाम का सराहनीय योगदान रहा।

