कवर्धा।
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता मोहम्मद अकबर के अस्वस्थ होने की खबर से जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। हाल ही में उनका चेन्नई स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है, जिसके बाद से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर दुआओं और प्रार्थनाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।

इसी क्रम में कांग्रेस नेता कामू बैगा के नेतृत्व में 19 दिसंबर से महामृत्युंजय जाप का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान लगभग एक सप्ताह तक चलेगा, जिसमें करीब 11,000 महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया जाएगा। साथ ही बुढ़ा महादेव मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना कर भगवान से पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की जाएगी।
कांग्रेस नेता कामू बैगा ने बताया कि मोहम्मद अकबर की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही थी, जिनका इलाज चेन्नई के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। 16 दिसंबर को उनका ऑपरेशन हुआ है, जिसके बाद से कार्यकर्ताओं में चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद अकबर न सिर्फ कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं, बल्कि हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और सहयोग देते रहे हैं।
कार्यकर्ताओं और समर्थकों का कहना है कि वे सभी अपने प्रिय नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, ताकि वे जल्द ही स्वस्थ होकर पुनः संगठन और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभा सकें।
