कबीरधाम जिले के लोहारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंड्रा-नवागांव में आज जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के नए स्वरूप “जी राम जी” (G RAM G) योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों को योजना के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत विधायक प्रतिनिधि भूखन साहू, सोसाइटी अध्यक्ष शिवचरण पटेल, सरपंच संतोष साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने मनरेगा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मजदूरों की उपस्थिति, भुगतान की स्थिति और प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि “जी राम जी” योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार की गारंटी के साथ स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पंजीयन कराकर योजना का लाभ उठाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। साथ ही पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया।

ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के माध्यम से गांव में विकास और रोजगार को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।













