कवर्धा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को प्रदेश भाजपा के आव्हान पर जिला मुख्यालय कवर्धा में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मनीराम साहू के नेतृत्व में आतंकवाद का पुतला फूंका गया।
जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित सिग्रल चौक में बुधवार की शाम को आयोजित इस पुतलादहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित भाजयुमो के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका तथा पहलगाम में निहत्थे पर्यटकों के नरसंहार की कड़े शब्दों में निंदा की तथा उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित जनो को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी व नपा अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी ने संयुक्त रूप से कहा कि जिस तरह केन्द्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर शांति व्यवस्था बहाल की थी वह आतंकियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान को रास नहीं आ रहा है। यही वजह है कि आतंकियों ने कश्मीर में दहशत फैलाने की मंशा से इस नापाक घटना को अंजाम दिया है। जिसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
उन्होने कहा कि इस दर्दनाक घटना में जिन परिवारों ने अपने सगे-संबंधियों को खोया है, उनके प्रति हम अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं। इस कठिन समय में पूरा राष्ट्र एकजुट है, और आतंकवाद के विरुद्ध हमारी प्रतिबद्धता अडिग बनी रहेगी। वहीं जिला भाजयुमो के अध्यक्ष मनीराम साहू ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निर्दोष नागरिकों पर किया गया कायरतापूर्ण हमला अत्यंत निंदनीय है। यह आतंकवादी हमला न सिर्फ कायरता की पराकाष्ठा है, बल्कि मानवता पर भी गहरा आघात है। किसी का धर्म पूछकर उनकी हत्या करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होने कहा कि इस पाकिस्तानी आतंकी हमले में 28 लोगों की जान गई है और कई लोग घायल हुए है। जिला भाजयुमो अध्यक्ष मनीराम साहू ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार इस आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कटिबद्ध है। घटना की जानकारी मिलते ही देश के गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर गौर पहलगाम पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली है और सुरक्षा ऐजेंसियों के साथ लगातार बैठकें कर आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने की रणनीति बनाई जा रही है। वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पहलगाम हमले की जानकारी मिलने के बाद अपना सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर भारत लौट आए हैं तथा 24 अप्रैल को कानपुर का अपना दौरा भी रद्द कर दिया है। निश्चित रूप से केन्द्र सरकार के यह कदम उनकी संवेदनशीलता को स्पष्ट करता है। पुतला दहन कार्यक्रम को भाजयुमो के अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित करते हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। इस अवसर जिला भाजपा उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी भा ज यू मो जिला अध्यक्ष मनीराम साहू पवन जायसवाल भाजयूमो प्रदेश मंत्री पीयूष ठाकुर महामंत्री जिला महामंत्री सचिन गुप्ता योगेश चंद्रवंशी अजय ठाकुर मिथिलेश बंजारे नीतीश चंद्रवंशी राजा टाटिया श्रीकांत उपाध्याय दुर्गेश दुबे अनिल साहू अश्विन साहू डोनेशन ठाकुर दुर्गेश अवस्थी सौरभ सिंह दीपक ठाकुर मुकेश सेन कमलेश दुबे सोनू ठाकुर तुषार साहू राकेश साहू कान्हा गुप्ता बड़ी संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।