कवर्धा। विकासखण्ड पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत सोढ़ा में आज प्राथमिक एवं मीडिल स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के साथ-साथ प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा शामिल हुईं, वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर जनपद पंचायत सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रामकुमार बंजारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगशिक्षक लेखू बाबा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि गांव की प्रतिभाएं ही समाज की असली ताकत होती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को प्रेरित करते हैं और बच्चों में आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सोढ़ा द्वारा किए गए इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार के साथ-साथ प्रतिभाओं का सम्मान भी जरूरी है, जिससे आने वाली पीढ़ी आगे बढ़कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करे।
विभिन्न क्षेत्रों में सेवा दे रहे लोगों का सम्मान
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने ग्राम पंचायत सोढ़ा के उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया जो अलग-अलग विभागों और क्षेत्रों में सेवा दे रहे हैं। सम्मानित किए गए लोगों में ADEO सियाराम साहू, जीएसटी इंस्पेक्टर गेंदलाल चेलकर एवं दिनेश हाटिले, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रद्धा चंद्रवंशी, नर्सिंग ऑफिसर पूर्णिमा चंद्रवंशी एवं रिंकी हाटिले, आरक्षक गजेंद्र चंद्रवंशी, योग शिक्षक लेखू बाबा, पत्रकार संजय यादव, व्याख्याता विधी राम चंद्रवंशी सहित कुल 35 लोगों को सम्मानित किया गया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य
ग्राम पंचायत सोढ़ा के सरपंच प्रतिनिधि रामवतार चंद्रवंशी ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्राथमिक एवं मीडिल स्कूल के वार्षिकोत्सव के अवसर पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य गांव के उन बच्चों और वरिष्ठजनों को सम्मानित करना था जो विभिन्न क्षेत्रों में मेहनत कर सफलता प्राप्त कर रहे हैं। इससे गांव के अन्य बच्चों और युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और आने वाले समय में गांव से और अधिक प्रतिभाएं निकलकर सामने आएंगी।
ग्रामीणों की रही बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सोढ़ा के सभी पंच, दोनों स्कूलों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।













