कवर्धा। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में हाल ही में विस्तार करते हुए कवर्धा जिले में अमित चंद्रवंशी को महामंत्री की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। अमित मूल रूप से पंडरिया विकासखंड के सोढा गांव के निवासी हैं।
अमित चंद्रवंशी की राजनीतिक यात्रा की शुरुआत देश के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से हुई। छात्र राजनीति के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने उन्हें वर्ष 2014 से 2018 तक पांडातराई मंडल का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया।
इसी अवधि में पंचायत चुनाव के दौरान अमित ने जनपद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया और प्रदेश के सबसे कम उम्र के जनपद सदस्य बनकर एक नया इतिहास रचा। इस उपलब्धि से उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश में पार्टी को गौरवान्वित किया।
अपने सरल स्वभाव, स्पष्ट सोच और जमीनी कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले अमित चंद्रवंशी को वर्ष 2019 में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंडल स्तर पर संगठनात्मक मजबूती, युवाओं को जोड़ने और सक्रिय कार्यक्रमों के सफल संचालन को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने अब उन्हें जिला महामंत्री के रूप में दायित्व सौंपा है।
नियुक्ति के बाद अमित चंद्रवंशी ने कहा कि “युवाओं की फौज हमेशा से भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करती आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का युवाओं के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है और यही कारण है कि आज युवा देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य युवा मोर्चा निरंतर करता रहेगा और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी।”
पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि अमित चंद्रवंशी अपने अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता से युवा मोर्चा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।














