कवर्धा। शहर के गांधी मैदान में शुक्रवार की शाम साहित्य, हास्य और व्यंग्य के रंगों से सराबोर हो उठी, जब सांस्कृतिक साहित्य उत्सव समिति, कवर्धा के बैनर तले आयोजित “अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन” का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, साहित्य प्रेमी और युवा देर रात तक मौजूद रहे। कवियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे मैदान को ठहाकों और तालियों की गूंज से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वर्गीय सुरेंद्र दुबे जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
आयोजन को स्वर्गीय सुरेंद्र दुबे जी की स्मृति को समर्पित किया गया। मंच पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ख्यातिप्राप्त कवियों, शायरों और गीतकारों ने हास्य, व्यंग्य, गीत और शायरी की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। मंच संचालन प्रसिद्ध वीर रस कवि शशिकांत यादव ने अपने विशेष अंदाज में किया, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। बनारस से पहुंचे हास्य व्यंग्य कवि डॉ. अनिल चौबे ने समसामयिक विषयों पर तीखे व्यंग्य प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब हंसाया। नोएडा के हास्य कवि सुदीप भोला ने अपनी हास्य रचनाओं से माहौल को खुशनुमा बना दिया। दिल्ली की शृंगार कवयित्री मुमताज़ नसीम ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं छत्तीसगढ़ के गीतकार मीर अली मीर, हास्य रस कवि बंशीधर मिश्रा तथा संयोजक अभिषेक पाण्डेय ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने कवर्धा में इस प्रकार के बड़े साहित्यिक आयोजन के लिए समिति की सराहना की। कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य कवि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि कवर्धा में साहित्य और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति लोगों का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं की भी बेहतर तैयारी देखने को मिली।

सांस्कृतिक साहित्य उत्सव समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए शहरवासियों, अतिथियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समिति ने भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
