कवर्धा |
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज के गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद युवा प्रभाग ने इस गंभीर समस्या को लेकर आदिम जाति कल्याण विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।

छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद युवा प्रभाग के प्रदेश अध्यक्ष कामू बैगा द्वारा सहायक आयुक्त, आदिम जाति कल्याण विभाग कबीरधाम को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि बोड़ला विकासखंड के कई बैगा बहुल गांवों में आज भी सैकड़ों परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज भटकना पड़ रहा है।

पत्र के अनुसार हाल ही में ग्राम सरोधा, दादर, हडही और सवरू का दौरा किया गया, जहां यह पाया गया कि बड़ी संख्या में बैगा परिवारों को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गर्मी के मौसम से पहले ही हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन गांवों में हैंडपंप मरम्मत, नए जल स्रोतों की व्यवस्था एवं स्थायी पेयजल समाधान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को राहत मिल सके।
परिषद ने इस मामले की जानकारी जिला कलेक्टर कबीरधाम को भी दी है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस संवेदनशील मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करेगा। उक्त समय में जिला अध्यक्ष नरेंद्र धुर्वे शाखा कबीरधाम, मोहित कुमार धुर्वे युवा प्रभाग जिला अध्यक्ष शामिल रहे।














