
कवर्धा।
केंद्रीय बजट को लेकर किसान कांग्रेस कमेटी के ज़िला अध्यक्ष रवि चन्द्रवंशी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस बजट को “इतिहास का सबसे निराशाजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बजट” बताया है।
रवि चन्द्रवंशी ने कहा कि भारत एक गाँवों का देश है, लेकिन अफ़सोस की बात है कि आज पेश किए गए केंद्रीय बजट में गाँव, गरीब, किसान, महिला और मज़दूर वर्ग के लिए किसी भी प्रकार की ठोस योजना या राहत की कोई चर्चा तक नहीं की गई। यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने में विफल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट सिर्फ़ और सिर्फ़ कॉर्पोरेट जगत को खुश करने के उद्देश्य से लाया गया है, जबकि देश की रीढ़ कहे जाने वाले किसान और ग्रामीण आबादी को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर दिया गया है।
रवि चन्द्रवंशी ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और किसानों की समस्याओं पर सरकार की चुप्पी यह साफ़ दर्शाती है कि यह बजट जनविरोधी है। किसान कांग्रेस इस बजट का पुरज़ोर विरोध करती है और आने वाले समय में इसके ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद की जाएगी।













